देहरादून में भीषण सड़क हादसा, महिला की मौत
उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत, हरिद्वार मार्ग पर रविवार देर रात कई वाहनों के आपस में टकरा जाने से एक महिला की मौत हो गयी तथा 15 अन्य घायल हो गए

हरिद्वार मार्ग पर कई वाहन भिड़े, 15 घायल
- स्कार्पियो में आग, सीएनजी सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत, हरिद्वार मार्ग पर रविवार देर रात कई वाहनों के आपस में टकरा जाने से एक महिला की मौत हो गयी तथा 15 अन्य घायल हो गए।
मृतक और घायल उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के रहने वाले हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने सोमवार को बताया कि कल देर रात लगभग 21.18 बजे 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला को मोतीचूर फ्लाई ओवर के ऊपर रायवाला से हरिद्वार की ओर उत्तराखण्ड रोडवेज की बस एवं टैक्टर ट्राली की टक्कर होने और पीछे से आ रही स्कार्पियो के दुर्घटनाग्रस्त वाहनों टकराकर उसमें आग लगने की सूचना मिली। जिसमे अन्य वाहन सीमेंट से भरा एक ट्राेला तथा एक एसयूवी के आग की चपेट मे आने से क्षतिग्रस्त हो गए।
उन्होंने आशंका जताई कि संभवत स्कॉर्पियो के सीएनजी सिलेंडर के ब्लास्ट होने के कारण उक्त वाहन में आग लग गई। जिससे अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए।
श्री डोभाल ने बताया कि दुर्घटना मे कुसुम (30) पत्नी सचिन निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर उ0प्र0 की ट्रोले के टायरो के नीचे आने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गयी है। जबकि ट्राला चालक सहित पंद्रह अन्य व्यक्ति घायल हुए। उन्होंने बताया कि पुलिस एवं दमकल कर्मियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को राजकीय चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया एवं वाहनों में लगी आग को बुझाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु किया गया।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोग झंडा मेला देहरादून से अपने घर वापस बिजनौर जा रहे थे।


