Top
Begin typing your search above and press return to search.

यूपी में गंगा स्नान के दौरान हादसा : तेज बहाव की चपेट में आए तीन कांवड़िए, एक सुरक्षित, दो की तलाश जारी

सावन के पवित्र माह के पहले सोमवार के दिन गंगा स्नान एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। दरअसल, हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र स्थित कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में तीन कांवड़िए आ गए।

यूपी में गंगा स्नान के दौरान हादसा : तेज बहाव की चपेट में आए तीन कांवड़िए, एक सुरक्षित, दो की तलाश जारी
X

लखनऊ। सावन के पवित्र माह के पहले सोमवार के दिन गंगा स्नान एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। दरअसल, हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र स्थित कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में तीन कांवड़िए आ गए।

घाट पर मौजूद ग्रामीणों की बहादुरी से एक युवक की जान बचाई गई, जबकि दो कांवड़िए लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कर दिया गया।

मामले को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक, अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव निवासी नारद, ऋषि और शिवम सोमवार को कन्नौज के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर में गंगाजल अर्पित करने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद लौटते समय तीनों कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान करने लगे। तभी गंगा नदी के तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और तीनों डूबने लगे।

घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए साहस का परिचय देते हुए शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन नारद और ऋषि तेज धारा में बह गए। सूचना मिलते ही सवायजपुर के उप जिलाधिकारी अंकित तिवारी, थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल, फायर इंस्पेक्टर चौहान गौतम सहित पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

गोताखोरों की मदद से दोनों लापता कांवड़ियों की तलाश लगातार जारी है। हादसे के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी (पुलिस ग्रुप), मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे थाना क्षेत्र अरवल के कुसुमखोर घाट पर थाना क्षेत्र चौसार के ही रहने वाले तीन बच्चे नारद, ऋषि और शिवम स्नान कर रहे थे। इस दौरान वह नदी के एक मुख्य धारा में चले गए। हालांकि, पुलिस और लोकल गोताखोरों द्वारा उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, जिसमें शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि बाकी दो की तलाश के लिए लोकल गोताखोरों, पुलिस और एसडीआरफ की टीम द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी के साथ पुलिस की ओर से सभी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के निवासियों से अपील की कि नदी का जलस्तर भरा हुआ है। ऐसे में पुलिस द्वारा चिह्नित घाटों पर ही स्नान करें।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it