Top
Begin typing your search above and press return to search.

टीम इंडिया बनी टी20 वर्ल्ड चैंपियन, देश भर में जश्‍न का माहौल, शानदार प्रदर्शन को प्रशंसकों ने सराहा

गुजरात के अहमदाबाद में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में सूर्यकुमार यादव के कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की

टीम इंडिया बनी टी20 वर्ल्ड चैंपियन, देश भर में जश्‍न का माहौल, शानदार प्रदर्शन को प्रशंसकों ने सराहा
X

नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में सूर्यकुमार यादव के कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। फाइनल में भारत की न्यूज़ीलैंड पर ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों से लेकर खेल जगत से जुड़े लोगों तक हर कोई टीम इंडिया की शानदार जीत पर गर्व जता रहा है। फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की हर ओर सराहना हो रही है।

कानपुर में भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव के कोच कपिल देव पांडेय ने टीम की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मैच भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा, “आज अभिषेक शर्मा ने शानदार पारी खेलकर अपनी काबिलियत साबित की। उनकी फिफ्टी के बाद संजू सैमसन ने 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। सभी खिलाड़ियों का मिला-जुला योगदान रहा। अंत में शिवम दूबे के 20 रन बेहद अहम साबित हुए, जिसकी वजह से टीम 255 रन तक पहुंच सकी।”

उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई, जबकि गेंदबाजों ने भी घातक और शानदार प्रदर्शन किया। उनके अनुसार यह जीत युवा खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने वाली है और भारतीय टीम ने यह साबित कर दिया कि मेजबान टीम भी चैंपियन बन सकती है।

इस जीत पर कॉमेडियन अन्नू अवस्थी ने भी टीम इंडिया की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम का प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनके मुताबिक भारतीय टीम को हराना किसी भी टीम के लिए बेहद मुश्किल है और खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है।

बिहार की राजधानी पटना में भी क्रिकेट प्रशंसकों ने टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। एक फैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नाम वाले स्टेडियम में फाइनल मुकाबला जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया है और पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। वहीं राजस्थान के अजमेर में पुलिस लाइन्स में भी जीत का जश्न मनाया गया। क्रिकेट प्रशंसक गौरी शर्मा ने कहा कि भारतीय टीम ने पहले इंग्लैंड को हराया और फिर फाइनल में न्यूज़ीलैंड को मात देकर चैंपियन बनी है। उन्होंने कहा कि इस मैच में किसी भी बल्लेबाज ने निराश नहीं किया और सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

एक अन्य प्रशंसक ने कहा कि भारतीय टीम ने लगातार दो विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है और पूरे देश को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। उनके अनुसार भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच हुआ फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और शानदार रहा, जिसकी खुशी पूरे देश में देखने को मिल रही है।

वहीं गुजरात के अहमदाबाद में भी फैंस ने टीम इंडिया की जीत का जोरदार जश्न मनाया। एक प्रशंसक ने कहा कि शहर में अभी भी जश्न का माहौल है और यह उत्सव आने वाले कई दिनों तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने पहुंचे हैं और इस पल का भरपूर आनंद ले रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it