Top
Begin typing your search above and press return to search.

टी20 वर्ल्ड कप जीत के पीछे दर्द भरी कहानी: बहन और जीजा की मौत के बाद भी मैदान पर उतरे ईशान किशन, जीत उन्हें समर्पित

इस गहरे निजी दुख के बावजूद ईशान किशन ने खुद को संभाला और टीम के लिए मैदान पर उतरकर खेला। मैच के बाद उन्होंने भारत की इस ऐतिहासिक जीत को अपनी दिवंगत बहन को समर्पित कर दिया।

टी20 वर्ल्ड कप जीत के पीछे दर्द भरी कहानी: बहन और जीजा की मौत के बाद भी मैदान पर उतरे ईशान किशन, जीत उन्हें समर्पित
X
अहमदाबाद: भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बन गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। हालांकि इस शानदार जीत के पीछे एक बेहद भावुक कहानी भी सामने आई है। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) ने खुलासा किया कि फाइनल मैच से ठीक एक दिन पहले उनकी चचेरी बहन और जीजा की कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।

इस गहरे निजी दुख के बावजूद ईशान किशन ने खुद को संभाला और टीम के लिए मैदान पर उतरकर खेला। मैच के बाद उन्होंने भारत की इस ऐतिहासिक जीत को अपनी दिवंगत बहन को समर्पित कर दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया भावुक खुलासा

फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान किशन ने इस दुखद घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मैच से पहले ही उन्हें अपनी बहन के निधन की खबर मिली थी, जिससे वह बेहद टूट गए थे। ईशान ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मैच से पहले ही मेरी बहन की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। यह मेरे लिए बहुत कठिन समय था, लेकिन मैंने यह मैच उसी के लिए खेला।” उन्होंने कहा कि यह जीत वह अपनी बहन को समर्पित करना चाहते हैं, क्योंकि वह हमेशा उनके क्रिकेट करियर को लेकर उत्साहित रहती थीं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती थीं।

हार्दिक पांड्या की सलाह से मिला हौसला

ईशान किशन ने बताया कि इस मुश्किल समय में टीम के साथी खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की सलाह ने उन्हें मानसिक रूप से संभालने में मदद की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पांड्या से अपनी स्थिति साझा की तो उन्होंने उन्हें टीम के बारे में सोचने और अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। ईशान ने कहा, “मैंने हार्दिक भाई से बात की थी। उन्होंने कहा कि टीम को सबसे ऊपर रखो। उनकी बातों ने मुझे खुद को संभालने में मदद की और मैं मैदान पर पूरी ताकत से उतर सका।”

विराट कोहली से सीखा अहम सबक

ईशान किशन ने यह भी बताया कि पिछले एक साल में उन्होंने अपनी मानसिकता को बदलने पर काफी काम किया है। उनके मुताबिक अब वह उन चीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचते जो उनके नियंत्रण में नहीं हैं और केवल अपने खेल पर ध्यान देते हैं। ईशान ने कहा, मैंने अब ज्यादा सोचना बंद कर दिया है। बस अपना काम करना है और उन चीजों के बारे में नहीं सोचना जो आपके नियंत्रण में नहीं हैं। विराट भाई हमेशा यही करते थे। उन्होंने बताया कि विराट कोहली से उन्हें यह सीख मिली कि एक खिलाड़ी को हमेशा अपने प्रदर्शन और तैयारी पर ध्यान देना चाहिए।

घर में मातम, मैदान पर जिम्मेदारी

इस हादसे की खबर मिलते ही ईशान किशन का परिवार गहरे सदमे में डूब गया। ईशान के पिता प्रणव पांडे ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार इस समय बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, अनर्थ हो गया है। हम बहुत बड़ी मुसीबत में हैं। ईशान हमारे पास आना चाहता था, लेकिन वर्ल्ड कप फाइनल की जिम्मेदारी के कारण वह नहीं लौट सका। वह पूरी तरह टूट चुका है। इस पारिवारिक त्रासदी के कारण ईशान के पिता भी फाइनल मुकाबला देखने के लिए अहमदाबाद नहीं पहुंच सके।

भारत की ऐतिहासिक जीत

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीतकर तीसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया और इतिहास रच दिया।

जज्बे की मिसाल बने ईशान किशन

ईशान किशन की यह कहानी सिर्फ एक खिलाड़ी के प्रदर्शन की नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, मानसिक मजबूती और समर्पण की मिसाल है। व्यक्तिगत दुख के बावजूद टीम के लिए मैदान पर उतरना और जीत को अपनी दिवंगत बहन को समर्पित करना उनके मजबूत जज्बे को दर्शाता है। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ईशान किशन की यह भावुक कहानी भी लंबे समय तक क्रिकेट प्रशंसकों के दिलों में याद की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it