Top
Begin typing your search above and press return to search.

डिफेंडर फाये एक सीजन के लोन पर स्पेनिश क्लब सेल्टा विगो से जुड़े

सेनेगल के सेंटर-बैक अब्दुलाये फाये जर्मन क्लब बायर लेवरकुसेन से एक सीजन के लोन पर स्पेनिश क्लब सेल्टा विगो में शामिल हो गए हैं। स्पेनिश क्लब ने सोमवार को इसकी घोषणा की।

डिफेंडर फाये एक सीजन के लोन पर स्पेनिश क्लब सेल्टा विगो से जुड़े
X

मैड्रिड। सेनेगल के सेंटर-बैक अब्दुलाये फाये जर्मन क्लब बायर लेवरकुसेन से एक सीजन के लोन पर स्पेनिश क्लब सेल्टा विगो में शामिल हो गए हैं। स्पेनिश क्लब ने सोमवार को इसकी घोषणा की।

21 वर्षीय फाये, ओसासुना के डिफेंडर जावी गैलन और एल्चे के मिडफील्डर एलेक्स फेबास के बाद, इस समर सेल्टा के तीसरे नए खिलाड़ी बने हैं। उत्तर-पश्चिमी स्पेन का यह क्लब पिछले सीजन में छठे स्थान पर रहने के बाद ला लीगा, कोपा डेल रे और यूरोपा लीग में एक व्यस्त सीजन की तैयारी कर रहा है।

सेल्टा की वेबसाइट के अनुसार, "फाये अपनी डिफेंसिव मजबूती, हवा में दबदबा बनाने की क्षमता और खासकर बेहतरीन बॉल डिस्ट्रीब्यूशन और पासिंग एक्यूरेसी के लिए जाने जाते हैं। फाये क्षमतावान खिलाड़ी हैं जो (सेल्टा कोच) क्लाउडियो गिराल्डेज के खेलने के तरीके में पूरी तरह फिट बैठते हैं और सेल्टा के डिफेंस में युवा जोश, हुनर और विविधता लाएंगे।"

फाये साल 2023 में स्वीडिश क्लब बीके हैकेन के साथ यूरोप आए थे और दो साल बाद बायर लेवरकुसेन से जुड़े। 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, जर्मन क्लब ने उन्हें फ्रेंच टीम एफसी लोरिएंट को लोन पर दिया, जहां उन्होंने 17 लीग मैच खेले। सेल्टा से जुड़ने से पहले फाये ने बायर के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया था, जिसका मतलब है कि लोन डील में सीजन के अंत में इस कदम को स्थायी करने का विकल्प शामिल नहीं है।

इससे पहले, सेल्टा विगो ने एल्चे से मिडफील्डर एलेक्स फेबास को फ्री ट्रांसफर पर साइन करके 2026-27 सीजन के लिए एक बड़े रीबिल्ड की शुरुआत की थी।

30 वर्षीय फेबास ने जून 2029 तक तीन साल का करार साइन किया है। उन्होंने एक हफ्ते पहले ही ऐलान किया था कि सीजन के अंत में उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने पर वो एल्चे छोड़ देंगे।

रियल मैड्रिड के पूर्व यूथ प्लेयर ने पिछले सीजन में एल्चे के लिए 36 ला लीगा मैच खेले और सस्पेंशन के कारण सिर्फ दो मैच नहीं खेल पाए। उन्होंने दो गोल किए और दो असिस्ट दिए, लेकिन उनका असर इन आंकड़ों से कहीं ज्यादा था। फेबास एल्चे के मुख्य मिडफील्डर थे, जिन्होंने ला लीगा की सबसे ज्यादा पजेशन-ओरिएंटेड टीमों में से एक के लिए खेल की गति तय करने में मदद की। एडर साराबिया के पिछले हफ्ते कोचिंग से ब्रेक लेने के लिए पद छोड़ने की घोषणा के बाद, एल्चे ने अभी तक अगले सीजन के लिए किसी कोच के नाम की घोषणा नहीं की है।

सेल्टा पिछले ला लीगा सीजन में छठे स्थान पर रही और यूरोपा लीग के क्वार्टर फाइनल तक पहुंची। लीग में इस प्रदर्शन की बदौलत उत्तर-पश्चिमी स्पेन के इस क्लब ने अगले सीजन के लिए यूरोपीय प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it