Top
Begin typing your search above and press return to search.

सुनील जाखड़ का हमला: पंजाब बजट से बढ़ेगा कर्ज संकट

पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा पेश किया गया बजट राज्य को और गहरे कर्ज संकट में धकेल देगा क्योंकि बजट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किये गये वादों को पूरा करने के लिए पैसा कहाँ से आएगा

सुनील जाखड़ का हमला: पंजाब बजट से बढ़ेगा कर्ज संकट
X

महिला आय योजना पर सवाल – हर महीने 1000 करोड़ कहाँ से?

  • AAP सरकार पर निशाना, कांग्रेस की चुप्पी पर तंज
  • 14 मार्च को अमित शाह की रैली, तैयारियों का लिया जायजा

मोगा। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा पेश किया गया बजट राज्य को और गहरे कर्ज संकट में धकेल देगा क्योंकि बजट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किये गये वादों को पूरा करने के लिए पैसा कहाँ से आएगा।

उन्होंने रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महिलाओं को नकद सहायता देने वाली योजना के लिए हर महीने कम से कम 1000 करोड़ रूपये कहाँ से आएंगे और यह राशि लगातार कैसे उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी सवाल किया कि कहीं अन्य योजनाओं में कटौती करके चुनाव से पहले कुछ महीनों तक महिलाओं को पैसा देकर वोट लेने के बाद इस योजना को भुला तो नहीं दिया जाएगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आय के स्रोत पैदा किए बिना वोट खरीदने के लिए शुरू की गई योजनाएँ राज्य पर कर्ज का बोझ और बढ़ा देंगी, जिसका भार अंततः पंजाब के लोगों को ही उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री खुद मान चुके हैं कि राज्य का कर्ज 4.59 लाख करोड़ को पार कर जाएगा और वास्तविकता में अगले वित्तीय वर्ष के अंत तक यह पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है।

श्री जाखड़ ने कहा कि चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नये राजस्व स्रोत पैदा करने का वादा किया था, लेकिन खनन से कितना पैसा आ रहा है यह सबके सामने है और अवैध ,खनन का पैसा कहाँ जा रहा है यह भी किसी से छिपा नहीं है। विपक्ष पर तंज कसते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुप बैठी हुई है और उसके नेता विधानसभा में आप सरकार के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं रखते। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब की बसों को रंग करवाने के लिए राजस्थान भेजा जा रहा है, लेकिन राजस्थान की बस बॉडी के नाम पर जिन कांग्रेस नेताओं को कभी ब्लैकमेल किया गया था, वे आज भी इस मुद्दे पर आवाज उठाने की ताकत नहीं दिखा रहे हैं।

उन्होंने मोगा में 14 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित रैली की तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि इसे लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस से निराश होने के बाद और अब सत्ता में बैठी आप सरकार से भी निराश होकर लोग ऐसी पार्टी की तलाश में हैं, जिसकी सक्षम नेतृत्व पंजाब को मौजूदा संकट से बाहर निकाल सके। उन्होंने कहा कि आज लोगों के लिए जान-माल की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन गया है, जबकि आर्थिक संकट से जूझ रहे राज्य में बुनियादी ढांचे का विकास ठप पड़ा है। अब लोग इस स्थिति को सुधारने के लिए भाजपा से उम्मीद कर रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it