Top
Begin typing your search above and press return to search.

एनसीआर में मौसम का कहर - येलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बार फिर मौसम के बदले हुए तेवरों का सामना करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है

एनसीआर में मौसम का कहर - येलो अलर्ट जारी
X

बारिश-आंधी के बीच उमस का डबल अटैक

  • 15 जून को गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट
  • तापमान 39 डिग्री, नमी 65%- राहत नहीं, तकलीफ ज़्यादा
  • खुले में खड़े होने से बचें - मौसम विभाग की चेतावनी

नोएडा। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बार फिर मौसम के बदले हुए तेवरों का सामना करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

हालांकि बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना नहीं है। बढ़ती नमी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 15 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन हवा में नमी का स्तर अधिकतम 65 प्रतिशत और न्यूनतम 45 प्रतिशत रह सकता है। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार दोपहर और शाम के समय 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। यही वजह है कि 15 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। 16 जून को मौसम में कुछ राहत के संकेत जरूर हैं, लेकिन पूरी तरह नहीं। इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और कहीं-कहीं गरज-चमक विकसित होने की संभावना है। हालांकि इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 17 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री, 18 जून को 41 डिग्री और 29 डिग्री, 19 जून को 42 डिग्री और 29 डिग्री, जबकि 20 जून को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 20 जून का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन सभी दिनों में मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है और फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। बल्कि बढ़ती नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी अधिक परेशान कर सकती है। ऐसे में दिन के समय बाहर निकलने वाले लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it